एशियन गेम्स 2026: भारतीय टीम सीधे क्वार्टर फाइनल से करेगी आगाज

जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम 28 सितंबर से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। भारतीय टीम को बेहतर आईसीसी रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है। वहीं, भारतीय महिला टीम 18 सितंबर को अपना पहला मुकाबला खेलेगी। दोनों ही वर्गों में भारत को स्वर्ण पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

—एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को उनकी बेहतर आईसीसी रैंकिंग के चलते सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश दिया गया है। जबकि अफगानिस्तान, जापान, नेपाल, हांगकांग, मलयेशिया और ओमान को ग्रुप चरण में मुकाबले खेलने होंगे।

श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम 28 सितंबर को ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी। ग्रुप ए में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल शामिल हैं। यानी भारत का क्वार्टर फाइनल मुकाबला इन तीन टीमों में से ग्रुप ए की उपविजेता टीम से होगा।

भारत अगर क्वार्टर फाइनल में जीत दर्ज करता है तो एक अक्तूबर को सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगा। फाइनल में जगह बनाने पर टीम तीन अक्तूबर को स्वर्ण पदक के लिए मैदान में उतरेगी। इसी दिन कांस्य पदक के लिए भी मुकाबला खेला जाएगा।

—-हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम 18 सितंबर को मेजबान जापान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। महिला वर्ग में भी भारत को वरीयता दी गई है और टीम को सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है।

भारत और जापान के बीच मुकाबला नागोया के पास कोरोगी एथलेटिक पार्क में खेला जाएगा। भारतीय टीम क्वार्टर फाइनल जीतने के बाद 20 सितंबर को सेमीफाइनल खेलेगी। इसके बाद 22 सितंबर को स्वर्ण और कांस्य पदक के मुकाबले होंगे। महिला वर्ग में भारत के अलावा पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका समेत कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं।

Leave a Comment