खैलम देह जागीर, आंवला (बरेली) | दिनांक 26/08/2026
ब्लॉक मझगवां की ग्राम पंचायत खैलम देह जागीर में आज ईद मिलादुन्नबी का त्यौहार बड़ी अकीदत, एहतराम और भाईचारे के साथ मनाया गया। इस मुबारक मौके पर गांव से जुलूसे मुहम्मदी निकाला गया।
जुलूस जामा मस्जिद से शुरू होकर गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए निकला। जुलूस में आशिकाने रसूल ने हाथों में हरे झंडे लेकर “सरकार की आमद मरहबा” के नारे लगाए। इस दौरान नात-ए-पाक पढ़ी गई और जगह-जगह ग्रामीणों ने फूलों की बारिश कर जुलूस का इस्तकबाल किया।
जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मौके पर प्रशासन की तरफ से नायाब तहसीलदार सुश्री प्रतिष्ठा साहू, थानाध्यक्ष श्री जगत सिंह, उपनिरीक्षक श्री राजेश कुमार यादव और लेखपाल श्री तेजपाल सिंह मौजूद रहे। उन्होंने जुलूस के साथ चलकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस मौके पर गांव के संभ्रांत लोग डॉ. मोहम्मद खान, मुकीम अहमद, अनीस अहमद और मुजम्मिल खान सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। अंत में देश में अमन-ओ-अमान, भाईचारा और खुशहाली के लिए दुआ की गई और शीरनी तकसीम की गई।
कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो गया।
