जिलाधिकारी प्रणय सिंह की अध्यक्षता में विद्यार्थियों के साथ संवाद, मार्गदर्शन एवं अनुप्रेरित कार्यक्रम आयोजित
कासगंज। प्रदेश के युवाओं के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से जनपद कासगंज में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर के विद्यार्थियों के साथ संवाद, मार्गदर्शन एवं अनुप्रेरित कार्यक्रम का आयोजन श्री सूरज प्रसाद डागा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, कासगंज में किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, लक्ष्य निर्धारण एवं भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करते हुए निरंतर परिश्रम करने तथा उपलब्ध अवसरों का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री प्रणय सिंह (IAS) ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि विद्यार्थी देश एवं प्रदेश के भविष्य की आधारशिला हैं। जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति, सकारात्मक सोच एवं मेहनत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी अपने विचार एवं जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका जिलाधिकारी द्वारा मार्गदर्शन एवं समाधान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक श्री रजनेश कुमार तथा प्रधानाचार्य डॉ. भूपेन्द्र कुमार सिंह सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

