फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अगस्त 2026 जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर के निर्देशों के क्रम में कंपोजिट विद्यालय याकूतगंज का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में अध्यापकों एवं बच्चों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, शौचालय, रसोईघर, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युतीकरण, प्रकाश व्यवस्था, पंखे, फर्नीचर, पठन-पाठन एवं बच्चों के शैक्षणिक स्तर सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पठन-पाठन का वातावरण संतोषजनक पाया गया। शौचालय, पेयजल तथा मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत बच्चों को उपलब्ध कराया जा रहा पका भोजन भी ठीक पाया गया। इस दौरान बच्चों से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ सुनाया गया, जिसे बच्चों ने पूरा याद होने के साथ प्रस्तुत किया।
आंगनबाड़ी केंद्र में मिलीं कमियां
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में कुछ आवश्यक सुविधाओं की कमी सामने आई। केंद्र में अभी विद्युतीकरण नहीं हुआ है तथा पंखे और ट्यूब लाइट आदि की व्यवस्था नहीं पाई गई। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र में वजन मशीन एवं ब्लैकबोर्ड भी उपलब्ध नहीं मिला।
बच्चों के साथ किया श्रमदान
विद्यालय परिसर के निरीक्षण के दौरान बिस्किट, चिप्स, नमकीन आदि के रैपर तथा अन्य कूड़ा पड़ा हुआ मिला। इस पर बच्चों के साथ श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई कराई गई। साथ ही बच्चों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा आंगनबाड़ी केंद्र में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई पर जोर दिया गया।
