फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अगस्त 2026 जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह की उपस्थिति में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। प्रमुख मार्गों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में संकेतक, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय प्रभावी ढंग से लागू किए जाएं।
उन्होंने जमापुर मोड़ से चाचूपुर मोड़ तक मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही कानपुर मंडल क्षेत्र में परावर्तन के तहत की गई कार्यवाहियों की आख्या उपलब्ध कराने तथा सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई में तेजी लाने को कहा।
ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती
जिलाधिकारी ने ओवरलोडिंग करने वाले यात्री एवं मालवाहक वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। विशेष रूप से स्कूली वाहनों, ऑटो, टेंपो, ई-रिक्शा एवं मालवाहक वाहनों की जांच को प्राथमिकता देने को कहा गया।
उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग, ओवरलोडिंग, तेज गति से वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
स्कूलों में सड़क सुरक्षा गतिविधियों की मांगी आख्या
बैठक में जिलाधिकारी ने बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में सड़क सुरक्षा नियमों के तहत आयोजित की गई गतिविधियों की आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों एवं अभिभावकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और किए गए कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी विभाग पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
जुलाई में दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या में आई कमी
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने बताया कि जुलाई 2026 में जनपद फर्रुखाबाद में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में 18.18 प्रतिशत तथा मृतकों की संख्या में 8 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाकर दुर्घटनाओं में कमी की इस दिशा को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुभाष राजपूत, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मुरलीधर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
