बरेली/आंवला। आंवला के भमोरा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार कांवड़िये की मौत हो गई। वह अपने जत्थे के साथ गंगाजल लेने कछला घाट जा रहे थे। मृतक की पहचान बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर मानपुर निवासी 36 वर्षीय पंकज के रूप में हुई है। पंकज अपने गांव के लगभग 30 साथियों के साथ बाइक से गंगाजल लेने कछला जा रहे थे।यह हादसा भमोरा थाना क्षेत्र में सरदार नगर पुल के पास हुआ। अभी तक की जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उनकी बाइक डिवाइडर से टकराई या किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। पंकज के भाई कुंवरपाल ने बताया कि रविवार शाम को गांव से जत्था गंगाजल लेने के लिए रवाना हुआ था।हादसे में पंकज गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।पंकज की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में शोक छा गया। उनकी पत्नी रीना और एक बेटा है। पंकज खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
बरेली/कांवड़ यात्रा पर निकले युवक की मौत, आंवला के भमोरा क्षेत्र में सड़क हादसे का शिकार हुआ कांवड़िया।
