लखीमपुर खीरी : गोवंश को कार ने मारी टक्कर, सड़क पर तड़पता रहा गोवंश

गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) खुटार रोड स्थित फूल बाबा आश्रम के पास सोमवार को एक स्विफ्ट डिजायर कार की टक्कर से एक गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गोवंश सड़क के बीचों-बीच चोटिल अवस्था में तड़पता रहा। घटना की सूचना मिलने पर भारतीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल गोवंश की स्थिति देख स्थानीय पुलिस तथा पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दी।
सूचना के बाद पशु चिकित्सक के घटनास्थल पर पहुंचने में देरी हुई। जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने देरी का कारण पूछा तो चिकित्सक ने बताया कि विभाग द्वारा जारी कार्ड दिखाने के बावजूद उन्हें छोटा चौराहा बैरियर पर रोक दिया गया था। इस मामले को लेकर जिला अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से सावन मेले के दौरान लगाए गए बैरियर एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करने की मांग की है, ताकि आपात स्थिति में पशु चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को समय पर घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी न हो। घायल गोवंश को गौशाला पहुंचाने के लिए अनूप गुप्ता ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को भी सूचना दी। वहीं सफाई एवं खाद्य निरीक्षक संदीप वर्मा द्वारा कथित तौर पर बताया गया कि नगर पालिका की गौशाला में फिलहाल जगह उपलब्ध नहीं है। जिला अध्यक्ष ने नगर पालिका द्वारा लंदनपुर ग्रांट में स्थापित नई गौशाला की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि गौशाला तक जाने वाला रास्ता कई गांवों को जोड़ता है, लेकिन रास्ता जर्जर होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों और बड़े वाहनों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भारतीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक खीरी एवं नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि घायल गोवंश को तत्काल उचित उपचार उपलब्ध कराया जाए और सुरक्षित रूप से गौशाला पहुंचाया जाए। साथ ही आपातकालीन पशु चिकित्सा सेवाओं के आवागमन में बाधा न आए इसके लिए बैरियर व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाए तथा लंदनपुर ग्रांट स्थित गौशाला तक जाने वाले जर्जर मार्ग की मरम्मत कराई जाए।

Leave a Comment