फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 अगस्त 2026 बाजार में चीनी के बढ़ते दामों को लेकर जिलाधिकारी महोदया की अध्यक्षता में शनिवार, 22 अगस्त 2026 को शाम 4:30 बजे समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जीएम चीनी मिल कायमगंज सहित जनपद के 10 बड़े स्टॉकिस्ट मौजूद रहे।
बैठक में जीएम चीनी मिल कायमगंज ने बताया कि जनपद में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और चीनी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि जनपद में एकमात्र चीनी मिल सरकारी है और मिल में भी पर्याप्त मात्रा में चीनी का स्टॉक मौजूद है। वर्तमान में चीनी का थोक मूल्य करीब 5,900 रुपये प्रति क्विंटल बताया गया।
बड़े स्टॉकिस्ट के स्टॉक की भी हुई समीक्षा
जिलाधिकारी ने बैठक में बड़े स्टॉकिस्टों के पास उपलब्ध चीनी के स्टॉक की स्थिति की जानकारी ली। इस पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि बड़े स्टॉकिस्टों के पास भी पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध है और उनका स्टॉक भारत सरकार द्वारा निर्धारित 4,000 क्विंटल की स्टॉक सीमा के अंतर्गत है।
स्टॉक की स्थिति की जांच के लिए तीन बड़े स्टॉकिस्टों का रैंडम आधार पर चयन कर टीम गठित करके जांच कराई गई। जांच में सभी के पास उपलब्ध स्टॉक अनुमन्य सीमा के भीतर पाया गया।
प्रत्येक शुक्रवार पोर्टल पर स्टॉक प्रदर्शित करना अनिवार्य
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सभी स्टॉकिस्टों को foodstock.dfpd.gov.in पोर्टल पर प्रत्येक शुक्रवार को अपने स्टॉक की जानकारी प्रदर्शित करनी है।
जिलाधिकारी ने सभी स्टॉकिस्टों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार अपने स्टॉक की जानकारी पोर्टल पर नियमित रूप से प्रदर्शित करें। साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी एवं जिला खाद्य विपणन अधिकारी को संयुक्त रूप से टीम गठित कर रैंडम आधार पर स्टॉक की जांच कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी दशा में चीनी की जमाखोरी या कालाबाजारी नहीं होनी चाहिए। यदि किसी व्यापारी द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन किया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने आम जनता से की अपील
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिले में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और चीनी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने आमजन से अनावश्यक रूप से अधिक मात्रा में चीनी खरीदकर भंडारण न करने तथा बाजार में किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।
प्रशासन ने कहा कि बाजार में चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा जमाखोरी एवं कालाबाजारी के विरुद्ध जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।
