फर्रुखाबाद में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, 5 लीटर शराब व 60 किलो लहन बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 अगस्त 2026 आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 22 अगस्त 2026 को जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में आबकारी विभाग और राजेपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कार्रवाई की।

आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा मय स्टाफ एवं राजेपुर पुलिस टीम ने संदिग्ध ग्राम कुइया डेरा में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान टीम ने 5 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा 60 किलोग्राम लहन बरामद किया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

शराब की दुकानों का भी किया गया औचक निरीक्षण

अभियान के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने जनपद के विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान राजेपुर और चाचूपुर स्थित कम्पोजिट दुकानों तथा देशी मदिरा की दुकानों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का मिलान संबंधित अभिलेखों से भी किया गया।

आबकारी विभाग ने अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

विभागीय अधिकारियों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने और अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

आबकारी विभाग के अनुसार जनपद में अवैध मदिरा के खिलाफ प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment