फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अगस्त 2026 को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद न्यायालय परिसर, फर्रुखाबाद में गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद श्री नीरज कुमार ने न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी। इसके उपरांत राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्र के प्रति सजग एवं कर्तव्यनिष्ठ रहने की शपथ दिलाई गई।
इसके बाद एडीआर भवन के सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद द्वारा प्रकाशित “विधिक सेवा संदेश” नामक पत्रिका का लोकार्पण एवं विमोचन जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री नीरज कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अपर जिला जज प्रथम श्री अभिनितम उपाध्याय ने पत्रिका को जनोपयोगी बताते हुए कहा कि यह समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए विधिक जानकारी और सहायता प्राप्त करने में महत्वपूर्ण सहयोगी साबित होगी। उन्होंने पत्रिका के महत्व पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान “विधिक सेवा संदेश” पत्रिका न्यायिक अधिकारियों एवं अन्य उपस्थित लोगों को वितरित की गई।
कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट श्रीमती रितिका त्यागी, अपर जिला जज पॉक्सो एक्ट प्रथम श्री मेराज अहमद, अपर जिला जज श्री अंकित मित्तल, अपर जिला जज षष्ठम/एफटीसी प्रथम/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत श्री संजय कुमार सहित अन्य न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद की सचिव श्रीमती बिंदिया भटनागर द्वारा किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की भावना के साथ-साथ समाज के कमजोर वर्गों तक न्याय एवं विधिक सहायता पहुंचाने के संकल्प को भी मजबूती प्रदान की गई।
