फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अगस्त 2026 जनपद में बच्चों और किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से बचाने तथा उनके बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और समुचित शारीरिक विकास को सुनिश्चित करने के लिए फर्रुखाबाद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 10 अगस्त को 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है एल्बेंडाजोल
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि जनपद में अभियान के लिए पर्याप्त मात्रा में एल्बेंडाजोल उपलब्ध है। स्वास्थ्य विभाग के पास वर्तमान में 15,472 एल्बेंडाजोल सिरप और 15,51,632 एल्बेंडाजोल टैबलेट उपलब्ध हैं। आवश्यकता के अनुसार संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को दवा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि लक्षित बच्चों तक समय से दवा पहुंचाई जा सके।
उन्होंने सभी एमओआईसी और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ बच्चों को दवा का सेवन भी कराया जाए। अभियान के दौरान विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा अन्य चिन्हित स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग और संबंधित विभागों के समन्वय से बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी।
कृमि संक्रमण से प्रभावित हो सकता है बच्चों का विकास
सीएमओ ने कहा कि बच्चों में कृमि संक्रमण कुपोषण, एनीमिया और शारीरिक विकास में बाधा का कारण बन सकता है। ऐसे में निर्धारित समय पर कृमिनाशक दवा का सेवन कराना बेहद जरूरी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान की सफलता केवल दवा के वितरण से नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र बच्चे तक दवा पहुंचाने और उसका सेवन सुनिश्चित कराने से होगी।
15 अगस्त से पहले अधिकतम बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य
स्वास्थ्य विभाग ने 15 अगस्त से पहले अधिकतम लक्षित बच्चों को एल्बेंडाजोल खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सीएमओ ने सभी एमओआईसी, एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए हैं कि 10 अगस्त के मुख्य अभियान के बाद भी क्षेत्र में निगरानी जारी रखें।
विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र स्तर तक प्रभावी मॉनिटरिंग करने और अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही दवा की उपलब्धता और समय से आपूर्ति पर विशेष जोर दिया गया है।
14 अगस्त को मॉप-अप दिवस, छूटे बच्चों को मिलेगा मौका
10 अगस्त को किसी कारणवश अनुपस्थित रहने वाले या दवा का सेवन नहीं कर पाने वाले बच्चों के लिए 14 अगस्त को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान अभियान से छूटे हुए बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाकर कवर किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि 10 अगस्त के मुख्य अभियान और 14 अगस्त के मॉप-अप दिवस के माध्यम से कोई भी पात्र बच्चा कृमिनाशक दवा के सेवन से वंचित न रहे।
अभिभावकों से सहयोग की अपील
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों के स्वस्थ विकास और बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्वास्थ्य विभाग के इस अभियान में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि निर्धारित दिवस पर पात्र बच्चों को एल्बेंडाजोल की खुराक दिलाना सुनिश्चित करें, जिससे जनपद को कृमि संक्रमण से मुक्त करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सके।
