बरेली, 29 जुलाई। रामगंगानगर स्थित महामाया विहार पब्लिक स्कूल में सम्यक पार्टी की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के.के. मौर्य और राष्ट्रीय सचिव मनोहर बौद्ध ने भाग लिया। इस दौरान 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के.के. मौर्य ने कहा कि सम्यक पार्टी पूरी तरह लोकतांत्रिक व्यवस्था पर आधारित है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी परिवारवाद, जातिवाद और धर्मवाद से ऊपर उठकर काम कर रही है। उन्होंने विपक्षी दलों पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकांश दल जनता के बजाय अपने परिवार के हितों के लिए काम करते हैं।
के.के. मौर्य ने कहा कि वह पहले बहुजन समाज पार्टी में थे, लेकिन परिवारवाद के कारण उन्होंने पार्टी छोड़ दी। उन्होंने कहा कि यदि वह बसपा में रहते तो शायद कभी राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बन पाते। उन्होंने घोषणा की कि सम्यक पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 100 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी और 10 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखेगी।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय सचिव मनोहर बौद्ध ने संगठन विस्तार करते हुए पोथीराम मौर्य को जिला उपाध्यक्ष तथा हवलदार सिंह शाक्य को जिला महासचिव (संगठन) नियुक्त किया। इसके अलावा कई अन्य कार्यकर्ताओं को भी विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बातचीत में मनोहर बौद्ध ने कहा कि सम्यक पार्टी सभी वर्गों की पार्टी है और भाजपा का विकल्प बनने की क्षमता रखती है। उन्होंने विपक्षी दलों की भी आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी का उद्देश्य लोकतांत्रिक और वैकल्पिक राजनीतिक व्यवस्था को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष लवकुश मौर्य, भूपेंद्र मौर्य, हरपाल सिंह मौर्य, क्रांति मौर्य सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
