भारतीय क्रिकेट टीम के सहायक कोच का पद छोड़ने के महज 24 घंटे बाद पूर्व नीदरलैंड ऑलराउंडर रयान टेन डेशकाटे ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) परिवार में वापसी कर ली है। नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स ने बुधवार को उन्हें हेड ऑफ क्रिकेट स्ट्रैटेजी नियुक्त किया। इस नई भूमिका में वह नाइट राइडर्स की वैश्विक फ्रेंचाइजियों की क्रिकेट रणनीति, स्काउटिंग, खिलाड़ी विकास और टीम निर्माण की निगरानी करेंगे।
नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) वेंकी मैसूर ने टेन डेशकाटे की वापसी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, ‘हम टेंडो का नाइट राइडर्स परिवार में फिर से स्वागत करते हुए बेहद खुश हैं। हमारी कार्यशैली की उनकी गहरी समझ और फ्रेंचाइजी तथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का उनका अनुभव उन्हें इस भूमिका के लिए आदर्श बनाता है। वह नाइट राइडर्स इकोसिस्टम के अगले विकास चरण को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।’
नई जिम्मेदारी मिलने पर टेन डेशकाटे ने कहा, ‘इस भूमिका में नाइट राइडर्स के साथ फिर से जुड़कर मैं बेहद उत्साहित हूं। यह हमारे वैश्विक फ्रेंचाइजियों की कोचिंग और एनालिटिक्स टीमों के साथ मिलकर स्काउटिंग, खिलाड़ी विकास प्रणाली को मजबूत करने और दीर्घकालिक क्रिकेट रणनीति तैयार करने का अनूठा अवसर है।’
