मिशन मोड में अभियान चलाकर अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनवाने के दिए निर्देश
जननी सुरक्षा योजना में लाभार्थियों के भुगतान की कम प्रगति पर जतायी कड़ी नाराजगी, संबंधित चिकित्सा अधीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा एक सप्ताह के भीतर 90 प्रतिशत से अधिक भुगतान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
30 प्रतिशत से कम आभा आईडी बनाने वाले शहरी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों का अग्रिम आदेशों तक वेतन रोकने तथा 75 प्रतिशत आभा आईडी बनवाना सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत सराहनीय कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं एवं विश्व जनसंख्या दिवस अभियान में सराहनीय कार्य करने वाले चिकित्सा अधीक्षकों एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों किया सम्मानित
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को संगम सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में आयुष्मान भारत योजना, जननी सुरक्षा योजना, आभा आईडी, राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम सहित अन्य योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन करते हुए जिलाधिकारी ने अपेक्षित उपलब्धि न होने पर संबंधित अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा समयबद्ध ढंग से लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में अब तक केवल 47.69 प्रतिशत पात्र परिवारों के सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सा अधिकारियों को आईसीडीएस, पंचायतीराज एवं खाद्य एवं रसद विभाग सहित अन्य सहयोगी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर मिशन मोड में अभियान चलाते हुए अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को पंचायत सहायकों के माध्यम से प्रतिदिन 10 से 15 आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा जिला पूर्ति अधिकारी को राशन वितरण के अवसर पर पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनवाने हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रामनगर, बहादुरपुर, सैदाबाद एवं मांडा में लक्ष्य के सापेक्ष अत्यधिक कम संस्थागत प्रसव होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षकों को आशा कार्यकर्ताओं की नियमित समीक्षा कर गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए। समीक्षा में यह भी पाया गया कि जनपद की 2,069 आशा कार्यकर्ताओं ने चालू वित्तीय वर्ष में एक भी संस्थागत प्रसव नहीं कराया है। जिलाधिकारी ने ऐसे आशाओं का विशेष प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास कराने तथा लंबे समय से निष्क्रिय आशाओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों के भुगतान की समीक्षा के दौरान स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय सहित मेजा, बहरिया, बहादुरपुर, सैदाबाद, मांडा, हंडिया, कोरांव एवं शंकरगढ़ में भुगतान की कम प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित चिकित्सा अधीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा एक सप्ताह के भीतर 90 प्रतिशत से अधिक भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला लेखा प्रबंधक को भी ब्लॉक लेखा प्रबंधकों के माध्यम से भुगतान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
आभा आईडी की समीक्षा में जनपद की 51.4 प्रतिशत उपलब्धि पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन शहरी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों द्वारा 30 प्रतिशत से कम आभा आईडी बनाई गई हैं, उनका वेतन अग्रिम आदेशों तक रोका जाए। साथ ही अगली जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक तक कम से कम 75 प्रतिशत आभा आईडी बनवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर जिलाधिकारी ने अर्बन प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों की संविदा सेवा खत्म करने की चेतावनी भी दिया।
राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन की मॉनिटरिंग में छूटे हुए बच्चों की बड़ी संख्या पर जिलाधिकारी ने गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि अगली जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक तक जनपद में 90 प्रतिशत पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक पात्र बच्चे एवं गर्भवती महिला का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराया जाए। उन्होंने सभी नवजात शिशुओं को जन्म के समय बर्थ डोज वैक्सीनेशन अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने, निजी चिकित्सालयों में भी इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा एएनएम की कमी वाले टीकाकरण केन्द्रों पर वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन क्षेत्रों का आरआई माइक्रोप्लान अभी तक तैयार नहीं हुआ है, उसे एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी में जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत सराहनीय कार्य करने वाली चाका की आशा कार्यकर्ता श्रीमती रमा देवी यादव, मऊआइमा की आशा श्रीमती लालिमा देवी एवं फूलपुर ब्लॉक की आशा श्रीमति ममता मिश्रा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। विश्व जनसंख्या दिवस अभियान में जनपद प्रयागराज द्वारा परिवार नियोजन की समस्त विधियों में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रशंसा व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने अभियान के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले चिकित्सा अधीक्षकों तथा जनपद स्तरीय अधिकारियों भी सम्मानित किया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सभी कार्यक्रमों की नियमित एवं सघन समीक्षा की जाएगी तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती हर्षिका सिंह, सीएमओ डॉ एके तिवारी, डीपीएम विनोद कुमार सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
प्रयागराज 28 जुलाई।
द दस्तक 24
प्रभारी पत्रकार तहसील कोरांव प्रयागराज उमाशंकर कुशवाहा 7571974858
