फर्रुखाबाद:भाजपा की जिला कार्यशाला में 2027 मिशन पर मंथन, 29 जुलाई से संत रविदास समरसता संकल्प अभियान होगा शुरू

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 जुलाई 2026 आवास विकास स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर सोमवार को जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

बैठक में जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे, जिला प्रवासी एवं क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता तथा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने भी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्य वक्ता रामकिशोर साहू ने बताया कि भाजपा संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती को समरसता संकल्प अभियान के रूप में 29 जुलाई से 20 अगस्त तक पूरे प्रदेश के साथ जनपद में भी मनाएगी। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रत्येक मंडल के पांच मंदिरों में संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण कर संतों का सम्मान किया जाएगा। जिले के सभी 18 मंडलों में यह कार्यक्रम आयोजित होंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा संतों और महापुरुषों की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही बताया कि 15 अगस्त से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान भी पूर्व वर्षों की तरह पूरे जिले में चलाया जाएगा।

रामकिशोर साहू ने पार्टी के डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म की जानकारी देते हुए कहा कि सरल ऐप के माध्यम से कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन परीक्षा देनी होगी, जिसमें पार्टी की विचारधारा, नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सामग्री उपलब्ध रहेगी। उन्होंने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं का पंजीकरण तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को नमो ऐप और सरल ऐप डाउनलोड करने के निर्देश दिए।

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने कहा कि संगठन के प्रत्येक अभियान में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरी बार सरकार बनाएगी।

जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने कहा कि जिले के सभी 18 मंडलों में पार्टी के सभी अभियान सफलतापूर्वक संचालित किए जाएंगे। उन्होंने विशेष रूप से अनुसूचित वर्ग के कार्यकर्ताओं से संत रविदास के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि समरसता संकल्प अभियान के तहत प्रदेश नेतृत्व से प्राप्त होने वाले कलशों के साथ जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत मंदिरों में दीपदान, कलश वंदन, संत संपर्क, छात्रावास संपर्क, प्रभात फेरी, कीर्तन और समरसता यात्राएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के अनुसार यह कलश यात्रा संत रविदास की जन्मस्थली वाराणसी से शुरू होकर विभिन्न जनपदों से होते हुए फर्रुखाबाद पहुंचेगी और मंडल से बूथ स्तर तक जाएगी। अभियान के संचालन के लिए पांच सदस्यीय टीम भी गठित की गई है।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र कठेरिया ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष सत्यपाल सिंह, दिनेश कटिहार, ओम प्रकाश गुप्ता, जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, हिमांशु गुप्ता, गोपाल राठौर, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, अनुराग दुबे, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष ऋषिपाल सिंह सिसोदिया, श्वेता दुबे, बबीता पाठक, प्रतिभा राजपूत, हिना दवे, अभिषेक बाथम, अभिषेक बाजपेई, रजनीश मिश्रा, पंकज पाल, शिव मोहन सिंह, महेंद्र राजपूत, मनोज गंगवार, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, आदेश राठौर, नीरज अवस्थी, रमेश सोमवंशी, राजेश वर्मा, सील चंद्र राजपूत, संजीव गुप्ता, शैलेंद्र सिंह राठौर, अंकित गुप्ता, पल्लव सोमवंशी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment