इटावा: ताखा दौलतपुर में डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा जमीन पर टूटी मिली गांव में मचा कोहराम

इटावा के दौलतपुर गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा जमीन पर गिरी मिली, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और तत्काल टूटी हुई प्रतिमा को हटाकर नई प्रतिमा स्थापित कराई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

यह घटना थाना ऊसराहार क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर (सरसई नावर) की है। ग्रामीण राधेश्याम जाटव ने बताया कि उन्हें प्रतिमा गिरने के कारणों की जानकारी नहीं है, लेकिन उन्होंने किसी अराजक तत्व द्वारा घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई। कुछ अन्य ग्रामीणों का कहना था कि प्रतिमा ग्राम समाज की जमीन पर स्थापित थी और अब तक किसी ने आपत्ति नहीं की थी, इसलिए वे निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान दीपक नंदन जाटव, राधेश्याम, जसवंत, आजाद किशनी अध्यक्ष सुरजीत, अंशुल आजाद और मिथुन कुमार आजाद सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रतिमा प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) की बनी थी, जो संभवतः किसी कारणवश गिर गई। उन्होंने पुष्टि की कि पुरानी प्रतिमा हटाकर नई प्रतिमा स्थापित कर दी गई है। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और यदि जांच में किसी की भूमिका सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment