फर्रुखाबाद में स्कूली वाहनों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 42 वाहनों के चालान, 6 वाहन किए बंद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जुलाई 2026 स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने शनिवार को जिले में व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया। आरटीओ (प्रवर्तन) कानपुर राहुल श्रीवास्तव के नेतृत्व में चार संयुक्त टीमों ने टैम्पो, ई-रिक्शा, मारुति वैन तथा निजी वाहनों से स्कूली बच्चों के परिवहन के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान में एआरटीओ (प्रवर्तन) फर्रुखाबाद सुभाष राजपूत, यात्री/मालकर अधिकारी कानपुर देहात स्मिता वर्मा, औरैया के मानवेन्द्र सिंह तथा कन्नौज की सुनीता सैनी की प्रवर्तन टीमें शामिल रहीं। यातायात उपनिरीक्षक ओम प्रकाश पाण्डेय भी अभियान के दौरान मौजूद रहे।

चेकिंग के दौरान कुल 42 वाहनों के चालान किए गए, जबकि नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 6 वाहनों को बंद (सीज) कर दिया गया। इसके अलावा विभिन्न उल्लंघनों पर ₹4.35 लाख का जुर्माना भी लगाया गया।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि स्कूल बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। प्रत्येक स्कूल बस का रंग पीला होना चाहिए, उस पर आगे-पीछे “स्कूल बस” तथा विद्यालय का नाम और संपर्क नंबर अंकित होना चाहिए। बस में बीआईएस मानक के दो अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, प्रत्येक सीट पर सीट बेल्ट, स्कूल बैग रखने की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस, स्पीड गवर्नर तथा अन्य सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से क्रियाशील होने चाहिए।

विभाग ने यह भी निर्देश दिए कि बस की गति 40 किमी प्रति घंटा से अधिक न हो, खिड़कियों में सुरक्षा मानकों के अनुरूप स्टील की छड़ें लगी हों, प्रेशर हॉर्न या मल्टी-टोन हॉर्न का प्रयोग न किया जाए तथा चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस और कम से कम पांच वर्ष का वाहन चलाने का अनुभव होना चाहिए।

परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यह विशेष चेकिंग अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा, जिसमें कानपुर देहात, कन्नौज, औरैया तथा कानपुर नगर की प्रवर्तन टीमें संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगी।

Leave a Comment