राजकीय यूनानी चिकित्सालय कोयलसा शीघ्र होगा नए भवन में संचालित, चिकित्सक बोले— पेट व जोड़ों के रोगों का प्रभावी उपचार संभव

आजमगढ़ब्यूरो । आजमगढ़ जिले की बूढनपुर तहसील क्षेत्र में राजकीय यूनानी चिकित्सालय, कोयलसा इन दिनों बूढ़नपुर बाजार स्थित अस्थायी भवन में संचालित हो रहा है। हालांकि अब जल्द ही यह चिकित्सालय गांधी आश्रम परिसर में निर्मित अपने नए भवन में पूर्ण रूप से स्थानांतरित होकर संचालित होने लगेगा। नए भवन में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मोहम्मद असरफ लंबे समय से क्षेत्र के मरीजों को यूनानी चिकित्सा पद्धति के माध्यम से उपचार उपलब्ध करा रहे हैं। उनके अनुसार वर्तमान समय में बड़ी संख्या में लोग जोड़ों के दर्द, गठिया, कमर दर्द तथा पेट से संबंधित विभिन्न बीमारियों से पीड़ित होकर चिकित्सालय पहुंच रहे हैं। डॉ. असरफ का कहना है कि यदि मरीज चिकित्सकीय परामर्श का सही ढंग से पालन करे और नियमित रूप से उपचार ले, तो पेट एवं जोड़ों से संबंधित अधिकांश बीमारियों में प्रभावी लाभ मिलता है। डॉ. असरफ केवल चिकित्सालय तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रदेश सरकार की “आयुष आपके द्वार” योजना के अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह विभिन्न गांवों एवं क्षेत्रों में निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार भी करते हैं। इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण लाभान्वित होते हैं तथा उन्हें आवश्यक दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी उपलब्ध कराया जाता है। राजकीय यूनानी चिकित्सालय में रशीद अहमद फार्मेसिस्ट के रूप में तथा चमोला देवी भृत्य के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। चिकित्सालय का पूरा स्टाफ मरीजों के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार के लिए क्षेत्र में सराहा जाता है।चिकित्सालय में उपचार कराने आए कई मरीजों ने बताया कि डॉ. मोहम्मद असरफ तथा पूरा स्टाफ मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से सुनता है और पूरी आत्मीयता के साथ उपचार उपलब्ध कराता है। मरीजों का कहना है कि यहां उन्हें बेहतर चिकित्सकीय सलाह के साथ सम्मानजनक व्यवहार भी मिलता है, जिससे उनका विश्वास लगातार बढ़ रहा है। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि गांधी आश्रम स्थित नए भवन में चिकित्सालय के स्थानांतरित होने के बाद चिकित्सा सेवाओं का दायरा और अधिक बढ़ेगा तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Leave a Comment