फर्रुखाबाद: भारत मुक्ति मोर्चा व मुस्लिम मोर्चा ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जुलाई 2026 भारत मुक्ति मोर्चा एवं मुस्लिम मोर्चा के बैनर तले सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से भेजा गया, जिसमें विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों को उठाते हुए सरकार से आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन में मुख्य रूप से जाति आधारित जनगणना कराने, धार्मिक स्थलों पर हो रहे हमलों की घटनाओं पर रोक लगाने, बढ़ती बेरोजगारी की समस्या का समाधान करने तथा मुस्लिम समुदाय के साथ हो रहे कथित अन्याय के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय, संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और सभी वर्गों को समान अवसर मिलना लोकतंत्र की मूल भावना है। उन्होंने सरकार से इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की।

इस अवसर पर भारत मुक्ति मोर्चा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से रामनिवास कठेरिया, मोहनलाल वर्मा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह यादव, अधिवक्ता यदुनंदन लाल वर्मा, बृजेश कुमार, अधिवक्ता सर्वेश कुमार वर्मा तथा मुकेश वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने “जय मूलनिवासी, जय भीम, जय भारत, जय संविधान” के नारे लगाए और ज्ञापन अभियान को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment