फर्रुखाबाद:राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (NCSC) 2026 के सफल आयोजन हेतु जिला विद्यालय निरीक्षक ने पोस्टर एवं गाइड बुक का किया विमोचन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जुलाई 2026 राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (NCSC) 2026 के सफल आयोजन के उद्देश्य से जिला विद्यालय निरीक्षक श्री संजीव कुमार द्वारा प्रतियोगिता के पोस्टर एवं गाइड बुक का विमोचन किया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जनपद स्तरीय डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर कैप्टन गिरिजा शंकर तथा अकैडमिक कोऑर्डिनेटर वेदराम शर्मा ने जिला विद्यालय निरीक्षक से भेंट कर पोस्टर एवं गाइड बुक का विमोचन कराया। उल्लेखनीय है कि 13 जुलाई 2026 को आंचलिक विज्ञान केंद्र, लखनऊ स्थित विज्ञान नगरी में आयोजित सेमिनार के उपरांत जनपद में प्रतियोगिता के सफल संचालन की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।

कैप्टन गिरिजा शंकर ने बताया कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। इस वर्ष प्रतियोगिता की प्रक्रिया में कुछ महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए हैं। अब प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को निर्धारित उप-विषयों पर आधारित लगभग 3500 शब्दों का प्रोजेक्ट A4 आकार के प्रारूप में तैयार करना होगा।

उन्होंने बताया कि तैयार प्रोजेक्टों का प्रथम चरण में ब्लॉक स्तर पर विशेषज्ञ निर्णायकों द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक से चयनित 15 श्रेष्ठ प्रतिभागी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में म्युनिसिपल इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में प्रतिभाग करेंगे।

जिला विद्यालय निरीक्षक श्री संजीव कुमार ने जनपद के सभी बोर्डों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि वे अपने विद्यालयों के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराते हुए प्रतियोगिता में उनकी सहभागिता कराएं। उन्होंने प्रत्येक विद्यालय से सक्रिय एवं व्यापक प्रतिभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

विमोचन के उपरांत जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि प्रतियोगिता में चयनित विजेता छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर पर बाल वैज्ञानिक बनने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा। साथ ही प्रतियोगिता में पंजीकरण कराने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राजेपुर एवं कायमगंज ब्लॉक के नोडल अधिकारियों के नामों में संशोधन किया गया है। संशोधित व्यवस्था के अनुसार राजेपुर ब्लॉक की जिम्मेदारी पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कॉलेज, कनकापुर की प्रवक्ता श्रीमती के. डी. तिवारी को तथा कायमगंज ब्लॉक की जिम्मेदारी एस.एन.एम. इंटर कॉलेज, कायमगंज के विज्ञान शिक्षक सुशांत यादव को सौंपी गई है।

राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस से संबंधित किसी भी जानकारी अथवा जिज्ञासा के लिए जनपद के जिला समन्वयक कैप्टन गिरिजा शंकर, प्रधानाचार्य, म्युनिसिपल इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Comment