फर्रुखाबाद की 545 ग्राम पंचायतों को स्वच्छता कार्यों के लिए ₹6.11 करोड़ की धनराशि, ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन को मिलेगी रफ्तार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 जुलाई 2026 जनपद की सभी 545 ग्राम पंचायतों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM) कार्यों को गति देने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में ग्राम पंचायतों को क्रेडिट लिमिट के रूप में कुल ₹6,11,21,880 की धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। इस राशि का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना और साफ-सुथरा वातावरण सुनिश्चित करना है।

इस धनराशि का उपयोग ग्राम पंचायतें अपनी ग्राम स्वच्छता कार्ययोजना के अनुसार विभिन्न स्वच्छता परियोजनाओं पर करेंगी। इनमें रिसोर्स रिकवरी सेंटर (RRC) का निर्माण, सिल्ट कैचर, फिल्टर चैंबर, सोख्ता गड्ढे, वर्मी कम्पोस्ट, नाडेप, खाद गड्ढे, लीच पिट, ई-रिक्शा, हैंडपम्पों के सोकपिट, स्वच्छता किट, इंसीनेरेटर, कचरा पैन तथा तालाबों का सौंदर्यीकरण सहित एसएलडब्ल्यूएम से जुड़े अन्य कार्य शामिल हैं।

प्रशासन के अनुसार सभी कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम सचिव एवं कंसल्टिंग इंजीनियर द्वारा उनका सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद आवश्यक अभिलेख एवं कार्यों का विवरण एसएनए स्पर्श 2.0 पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।

जनपद प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए हैं कि स्वच्छता से जुड़े कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण हो सके।

यह पहल ग्रामीण स्वच्छता अभियान को मजबूत करने के साथ-साथ कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाएगी और गांवों को स्वच्छ एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Comment