बिहार पर बाढ़ का संकट गहराया हुआ है। भोजपुर के पिपरपाती, आरा समेत कई इलाकों में बाढ़ और कटाव का कहर है। बाढ़ प्रभावित इलाकों की तस्वीरें देख भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह का दिल दहल गया है। उन्होंने पीड़ितों की तरफ मदद का हाथ बढ़ाया है। साथ ही बिहार के मुख्यमत्री से भी रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने का आग्रह किया है।
पवन सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट साझा किया है। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की तस्वीरें साझा की हैं। इसके साथ एक लंबा नोट लिखा है। पावर स्टार ने लिखा है, ‘पिपरपाती, आरा समेत भोजपुर के अलग-अलग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से आ रही तस्वीरें और लोगों की तकलीफ देखकर मन बेहद दुखी है।
कहीं घरों में पानी घुस गया है, कहीं परिवार अपने ही घर में कैद होकर रह गए हैं, तो कहीं बाढ़ और कटान के कारण लोगों के सिर से छत और पैरों के नीचे की जमीन तक छिनने का डर बना हुआ है। जिन परिवारों ने वर्षों की मेहनत से अपना घर और संसार बसाया, आज वही सब कुछ आंखों के सामने संकट में है’।
