महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शांति पीडीए सेवा संस्थान की पहल
बरऊत में सिलाई-कढ़ाई और ब्यूटी पार्लर सेंटर का शुभारंभ, आधी आबादी के सर्वांगीण विकास पर जोर
जौनपुर। शाहगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बरऊत स्थित बुढ़िया माई स्थान के गेट पर शांति पीडीए सेवा संस्थान के सिलाई-कढ़ाई एवं ब्यूटी पार्लर सेंटर का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रमोद यादव और माधुरी यादव के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर संस्था से जुड़े लोगों ने महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर वरिष्ठ सपा नेता डॉ. सूर्यभान यादव ने कहा कि महिलाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना समाज के सर्वांगीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। सिलाई-कढ़ाई और ब्यूटी पार्लर जैसे प्रशिक्षण केंद्र ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों को अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर प्रदान कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के बिना किसी भी समाज के समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। शांति पीडीए सेवा संस्थान द्वारा क्षेत्र में महिलाओं को प्रशिक्षण और रोजगारपरक कौशल उपलब्ध कराने की पहल सराहनीय है। संस्था को अपने प्रयासों का विस्तार करते हुए अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंच बनानी चाहिए।
डॉ. यादव ने कहा कि पीडीए समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को आगे बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। ऐसे संस्थानों के माध्यम से शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देकर सामाजिक सशक्तीकरण को मजबूती दी जा सकती है।
उन्होंने प्रमोद यादव, माधुरी यादव और शांति पीडीए सेवा संस्थान से जुड़े सभी लोगों को सेंटर के शुभारंभ पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि यह केंद्र क्षेत्र की महिलाओं के लिए प्रशिक्षण, रोजगार और आत्मनिर्भरता का माध्यम बनेगा।
