फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 जुलाई 2026 अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), फर्रुखाबाद द्वारा नगर स्थित बद्री विशाल डिग्री कॉलेज में शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रवासी कार्यकर्ता एवं कानपुर प्रांत के प्रांत मंत्री श्री दिनेश यादव मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों एवं परिषद के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री दिनेश यादव ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रभक्ति, नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने वर्तमान शिक्षा व्यवस्था के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर चर्चा करते हुए शिक्षकों से विद्यार्थी परिषद के छात्रहित एवं राष्ट्रहित में संचालित रचनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और विद्यार्थी परिषद के संयुक्त प्रयासों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी), शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति शिक्षकों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। उपस्थित शिक्षकों ने भी अपने विचार एवं सुझाव साझा करते हुए शिक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम में जिले के अनेक शिक्षकों एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का सफल समापन किया गया।
