फर्रुखाबाद:डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने सिविल लाइन नाला, एसटीपी प्लांट और गौवंश आश्रय स्थल का किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 जुलाई 2026 जनपद में विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा के तहत जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने गुरुवार को सिविल लाइन नाला, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तथा विकासखंड मोहम्मदाबाद के ग्राम भरता मऊ स्थित गौवंश आश्रय स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

सिविल लाइन नाले के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नाले की सफाई, जल निकासी व्यवस्था और बारिश के मौसम में जलभराव की संभावनाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालों की नियमित सफाई कराई जाए तथा सफाई के बाद आसपास जमा कूड़े को जेसीबी से उठाकर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया जाए। साथ ही कार्य की जियो-टैगिंग कर फोटो उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

इसके बाद डीएम ने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण कर प्लांट की कार्यप्रणाली, क्षमता और सीवेज शोधन प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्लांट का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए तथा पर्यावरण संरक्षण के सभी नियमों का पालन सुनिश्चित हो। उन्होंने एसटीपी में आने वाले नालों की सिल्ट सफाई कराकर पानी को प्लांट तक लाने के निर्देश दिए, ताकि शोधित जल को गंगा नदी में प्रवाहित किया जा सके।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ग्राम भरता मऊ स्थित गौवंश आश्रय स्थल भी पहुंचे। यहां उन्होंने संरक्षित गोवंश की संख्या, चारा, पेयजल, पशु उपचार और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौवंश के रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा स्वच्छता, हरे चारे, स्वच्छ पेयजल और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने वृक्षारोपण अभियान के तहत गौशाला परिसर में अधिक से अधिक छायादार और सहजन के पौधे लगाने, गौशाला परिसर में ही हरे चारे की खेती करने तथा सोलर पैनल स्थापित कराने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी संचालन किया जाए और निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर व्यवस्थाओं में लगातार सुधार लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिकारी विनोद कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धीरज कुमार शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment