फर्रुखाबाद:हिन्दू सामाजिक सुरक्षा समिति ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, आर्थिक हितों व अवैध घुसपैठ पर कार्रवाई की उठाई मांग

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जुलाई 2026 हिन्दू सामाजिक सुरक्षा समिति के पदाधिकारियों एवं जागरूक नागरिकों ने बुधवार को जिलाधिकारी के माध्यम से भारत सरकार के गृह मंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपकर विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

समिति द्वारा दिए गए ज्ञापन में पारंपरिक व्यवसायों के संरक्षण, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी, अवैध घुसपैठ की रोकथाम, व्यापारिक गतिविधियों में पारदर्शिता तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि पारंपरिक व्यवसायों के कमजोर होने, खाद्य पदार्थों में मिलावट, अवैध घुसपैठ, आर्थिक प्रतिस्पर्धा और सामाजिक तनाव जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार को ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

समिति ने मांग की कि पारिवारिक एवं पारंपरिक कौशल को बढ़ावा देने के लिए विशेष नीतियां बनाई जाएं। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की जाए तथा व्यापारिक गतिविधियों में पारदर्शिता लाने के लिए आवश्यक नियमों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।

ज्ञापन में अवैध घुसपैठ की रोकथाम, पहचान एवं सत्यापन प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाने, असंगठित व्यापारियों का पंजीकरण अनिवार्य करने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की भी मांग की गई। समिति का कहना था कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए सभी प्रकार की अवैध गतिविधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

समिति के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि यदि इन विषयों पर समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो इसका असर सामाजिक, आर्थिक और राष्ट्रीय सुरक्षा पर पड़ सकता है। इसलिए सरकार इन मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करे।

ज्ञापन की प्रतिलिपि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), उत्तर प्रदेश गृह विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राज्य मानवाधिकार आयोग, प्रमुख सचिव (गृह) सहित अन्य संबंधित विभागों को भी भेजी गई है।

इस दौरान हिन्दू सामाजिक सुरक्षा समिति के जिला एवं नगर पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समाज के लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment