फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 जुलाई 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में वृक्षारोपण अभियान, गंगा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग वन विभाग की नर्सरी से निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौधों का उठान करें तथा वृक्षारोपण के दो दिन के भीतर हरीतिमा पोर्टल पर जियो टैगिंग के साथ फोटो अपलोड करना अनिवार्य होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि 12 जुलाई के बाद शेष पौधों का रोपण गोशालाओं में किया जाए और वहां लगाए जाने वाले सभी पौधे टी-गार्ड एवं बाउंड्रीवाल के भीतर सुरक्षित लगाए जाएं। साथ ही प्रत्येक गोशाला में सहजन (मोरिंगा) के पौधे लगाने पर विशेष जोर दिया गया।
डीएम ने ग्राम पंचायतों को नेशनल हाईवे के किनारे पौधारोपण करने तथा सभी विभागों को वृक्षारोपण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 का वृक्षारोपण अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम न होकर जनसहभागिता का उदाहरण बने। इसके लिए पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल और उनकी जीवित रहने की दर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में जिला गंगा समिति की समीक्षा के दौरान गंगा एवं अन्य नदियों की स्वच्छता, सीवेज और अपशिष्ट जल प्रबंधन, घाटों की नियमित सफाई तथा जनजागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला पर्यावरण समिति की बैठक में वायु, जल एवं ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता और हरित आवरण बढ़ाने संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई।
प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 12 जुलाई को जनपद में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। वर्ष 2026 के लिए फर्रुखाबाद को 45,74,800 पौधों के रोपण का लक्ष्य मिला है। इनमें वन विभाग को 21,75,000 तथा अन्य विभागों को 23,99,800 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। जबकि 12 जुलाई को एक ही दिन 1,39,400 पौधों का रोपण किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, परियोजना निदेशक कपिल कुमार, पर्यावरण विशेषज्ञ गुंजा जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
