फर्रुखाबाद पुलिस का ‘ऑपरेशन ग्राम संवाद’ अभियान तेज, गांव-गांव पहुंचकर लोगों से कर रही सीधा संवाद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जुलाई 2026 जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से फतेहगढ़ पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन ग्राम संवाद’ अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 27 जून 2026 से श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ (अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन) के निर्देशन, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद तथा पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ के निर्देशन में शुरू किया गया है। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ द्वारा की जा रही है।

अभियान के तहत जिले के सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों के गांवों, कस्बों, मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों, कॉलेजों तथा सरकारी संस्थानों में पहुंचकर आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर रहे हैं। बीट पुलिस अधिकारी, उपनिरीक्षक एवं निरीक्षक ग्रामीण स्तर पर जनसंपर्क कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी जुटा रहे हैं और क्षेत्रीय सूचनाओं को सी-प्लान एप्लिकेशन पर भी अद्यतन किया जा रहा है।

पुलिस थाना स्तर पर ग्राम अपराध रजिस्टर एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों को अद्यतन कर ग्रामीणों से उनका सत्यापन भी कराया जा रहा है। इसके साथ ही कस्बों और मोहल्लों में चल रहे छोटे-छोटे विवादों की गोपनीय जानकारी लेकर उनका तत्काल समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि भविष्य में बड़े विवादों की स्थिति उत्पन्न न हो।

अभियान के दौरान जुआ, सट्टा, नशे का कारोबार और अवैध खनन जैसी गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल या पहले संलिप्त रहे व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें दोबारा अपराध से दूर रहने की सख्त हिदायत भी दी जा रही है।

फतेहगढ़ पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन ग्राम संवाद’ का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाना, बीट प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना तथा स्थानीय स्तर पर अपराधों की रोकथाम के लिए समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Comment