महिला टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में रविवार को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टॉस हारते ही इंग्लैंड के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जबकि ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एलिस पेरी ने अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली।
फाइनल में टॉस हारने के साथ ही इंग्लैंड ने इस टूर्नामेंट में सात मैचों में छठी बार टॉस गंवाया। इसके साथ ही वह एक ही महिला टी20 विश्व कप संस्करण में सबसे अधिक बार टॉस हारने वाली टीम बन गई। इंग्लैंड ने अपने अभियान की शुरुआत श्रीलंका के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए की थी। इसके बाद आयरलैंड के खिलाफ उसने एकमात्र टॉस जीता। हालांकि, स्कॉटलैंड, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका (सेमीफाइनल) और अब फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी उसे टॉस में हार का सामना करना पड़ा। दिलचस्प बात यह रही कि टॉस हारने के बावजूद इंग्लैंड ने फाइनल से पहले अपने सभी मुकाबले जीतकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी ऑलराउंडर एलिस पेरी ने अपने करियर का सातवां महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल खेलकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। वह महिला टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक फाइनल खेलने के मामले में अपनी हमवतन एलिसा हीली की बराबरी पर पहुंच गई हैं।
