भारतीय क्रिकेट महिला बधिर टीम पहली बार कब करेगी अंतरराष्ट्रीय दौरा?

भारतीय महिला बधिर (डेफ) क्रिकेट टीम अपने पहले अंतरराष्ट्रीय दौरे के लिए श्रीलंका रवाना होगी। यह दौरा भारतीय महिला बधिर क्रिकेट के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। टीम सात से 13 जुलाई 2026 तक श्रीलंका के मोरातुवा स्थित डी सोयसा पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मेजबान टीम के खिलाफ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलेगी।

सीरीज से पहले नई दिल्ली में भारतीय टीम की नई जर्सी का अनावरण किया गया। इस अवसर पर इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन (आईडीसीए) के अध्यक्ष सुमित जैन, नई दिल्ली के जिलाधिकारी (आईएएस) सनी सिंह, डीडीसीए के सचिव अशोक शर्मा, डीसीसीआई के सचिव एवं बीसीसीआई दिव्यांग समिति के सदस्य रवि चौहान सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

आईडीसीए के अध्यक्ष सुमित जैन ने कहा कि यह दौरा भारतीय डेफ क्रिकेट के लिए एक नया अध्याय है। उन्होंने कहा, ‘हमारी महिला खिलाड़ियों ने वर्षों तक सीमित संसाधनों के बावजूद केवल क्रिकेट के प्रति अपने जुनून के दम पर मेहनत की है। अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल रहा है। आईडीसीए हमेशा समान अवसरों में विश्वास करता है और यह दौरा इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा की कोई सीमा नहीं होती।’

Leave a Comment