नैमिषारण्य/सीतापुर। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से थाना नैमिषारण्य क्षेत्र के अंतर्गत नवनिर्मित औरंगाबाद पुलिस चौकी का गुरुवार को भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मिश्रिख विधायक रामकृष्ण भार्गव एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल रहे, जिन्होंने फीता काटकर चौकी का विधिवत शुभारंभ किया।उद्घाटन समारोह के दौरान विधायक रामकृष्ण भार्गव और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने चौकी परिसर में वृक्षारोपण कर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए विधायक रामकृष्ण भार्गव ने कहा कि औरंगाबाद पुलिस चौकी की स्थापना से क्षेत्रीय नागरिकों के साथ-साथ नैमिषारण्य आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध होगी। इससे पुलिस की क्षेत्र में गश्त और कानून व्यवस्था बनाए रखने की क्षमता भी मजबूत होगी।वहीं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कहा कि सीतापुर पुलिस आमजन की सुरक्षा और सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नई चौकी के संचालन से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा, जिससे लोगों को त्वरित सहायता मिल सकेगी।26 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए गएउद्घाटन समारोह के बाद पुलिस द्वारा बरामद किए गए 26 एंड्रॉयड मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वितरित किए गए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। मोबाइल स्वामियों ने सीतापुर पुलिस की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।पुलिस के अनुसार मोबाइल फोन की बरामदगी में थानाध्यक्ष नैमिषारण्य नवनीत मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रशांत सिंह, कांस्टेबल अमितेश कुमार तथा आरक्षी विक्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने CEIR पोर्टल की सहायता से लगातार तकनीकी निगरानी और डेटा ट्रैकिंग कर मोबाइल फोन बरामद किए।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी मिश्रिख ब्रजेश कुमार, थानाध्यक्ष नवनीत मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारीगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सीतापुर:औरंगाबाद पुलिस चौकी का हुआ भव्य उद्घाटन, विधायक रामकृष्ण भार्गव व एसपी अंकुर अग्रवाल ने किया शुभारंभ
