लखीमपुर खीरी : समीक्षा बैठक में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को सीएमओ ने लगाई फटकार

लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज़) सीएमओ कार्यालय के सभागार में मंगलवार को टीबी, एचआईवी समन्वय एवं ‘100 डेज टीबी कैंपेन’ की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई।जिसकी अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने की बैठक में कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद रावत सहित एनटीईपी स्टाफ, एसटीएस, एसटीएलएस और पीपीएम कोऑर्डिनेटर ने प्रतिभाग किया।

बैठक में सीएमओ ने विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों की ब्लॉकवार समीक्षा की और लापरवाही बरतने वाले क्षेत्रों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। उन्होंने ऐसे सभी कर्मचारियों की फटकार लगाते हुए कार्यशैली में सुधार करने के निर्देश दिए। ​एचआईवी टेस्टिंग के लिए निर्धारित 708 के लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।

मरीजों के रेगुलर फॉलो-अप में पाई गई शिथिलता पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ ने सभी ‘लॉस्ट टू फॉलो-अप’ और अनियमित मरीजों की लाइन-लिस्ट तैयार कर व्यक्तिगत रिमार्क दर्ज करने को कहा। उन्होंने फील्ड स्टाफ को सख्त हिदायत दी कि अगले 15 दिनों के भीतर सभी चिन्हित मरीजों के घर जाकर विजिट पूरी करें। फील्ड विजिट की सत्यता परखने के लिए कर्मचारियों को जीपीएस फोटोग्राफ्स लेने और आगामी सभी कैंपों का प्री-प्लान साझा करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान गोला और इसानगर में नैट जांच की खराब प्रगति तथा कम नोटिफिकेशन वाले टीयू से तत्काल स्पष्टीकरण तलब किया गया है। वहीं, रमियाबेहड़, मितौली और निघासन जैसे क्षेत्रों में टीपीटी की प्रगति 80 प्रतिशत से कम मिलने पर जिम्मेदार कर्मचारियों को चेतावनी दी गई। इसके अतिरिक्त, मोहम्मदी क्षेत्र के परिणामों को सत्यापित करने के लिए कुल सैंपल के 20 प्रतिशत हिस्से का रैंडम री-वेरिफिकेशन करने का आदेश दिया गया।

​पोषण पोटली और आभा ऑथेंटिकेशन पर जोर

मरीजों को पोषण सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से कुंभी और ईसानगर क्षेत्रों में ‘खंभारखेड़ा शुगर मिल’ से समन्वय स्थापित कर पात्र मरीजों को समय से पोषण पोटली दिलवाने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में सीएमओ ने सभी मरीजों के शत-प्रतिशत ‘आभा फेस ऑथेंटिकेशन’ को अनिवार्य रूप से पूरा करने का लक्ष्य दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलाई के प्रथम सप्ताह में इस कार्य की पुनः समीक्षा की जाएगी और लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी। सभी आईसीटीसी काउंसलर्स को हर महीने निश्चित तिथि पर अपना एटीपी भेजने की हिदायत दी गई।

Leave a Comment