फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जून 2026 जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के आदेश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में जनपदभर में सघन जांच अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने अपनी टीम के साथ विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया। अभियान के तहत देशी शराब दुकान नेकपुर चौरासी, आवास विकास तथा बाग लकुला स्थित कम्पोजिट शराब दुकान का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस (POS) मशीन से की जा रही बिक्री और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान भी किया।
आबकारी विभाग ने संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने तथा अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। आबकारी विभाग का कहना है कि जनपद में अवैध मदिरा के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
