फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जून 2026 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर रिंकू विश्वकर्मा कांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात करने और घटना की वस्तुस्थिति जानने के लिए समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को फर्रुखाबाद पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में लोहिया अस्पताल पहुंचकर पीड़ित रिंकू विश्वकर्मा एवं उनके परिजनों से मुलाकात की तथा घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल पीड़ित की पत्नी को साथ लेकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक फर्रुखाबाद से मिलने और ज्ञापन सौंपने पहुंचा। समाजवादी पार्टी नेताओं का आरोप है कि पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल से सीधे मिलने से इंकार कर दिया और ज्ञापन भी स्वीकार नहीं किया।
इस दौरान पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ. नवल किशोर शाक्य ने कहा कि प्रशासन का यह रवैया लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि जब पीड़ित परिवार की बात सुनने और उनका ज्ञापन लेने से भी इंकार किया जाता है, तो यह न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने रिंकू विश्वकर्मा कांड के आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी न होने पर भी चिंता जताई।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता इंजी. संदीप विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पीड़ित समाज के साथ दोहरा व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष कार्रवाई आवश्यक है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए।
सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशासन पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सुनना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि रिंकू विश्वकर्मा कांड के सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई की जाए। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
प्रतिनिधिमंडल में डॉ. नवल किशोर शाक्य, इंजी. संदीप विश्वकर्मा, पूर्व विधायक जमालुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, पूर्व मंत्री रामसेवक सिंह यादव, विधानसभा अध्यक्ष भोजपुर नरेंद्र सिंह यादव, समाजवादी मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष आशीष शर्मा सहित विश्वकर्मा समाज एवं समाजवादी पार्टी के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
