फर्रुखाबाद खबर का असर: सार्वजनिक पेशाबघर की सफाई, नगर पालिका अध्यक्ष ने 24 घंटे में लिया संज्ञान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जून 2026 सदर तहसील एवं नगर पालिका के मुख्य मार्ग पर स्थित सार्वजनिक पेशाबघर से उठ रही दुर्गंध को लेकर प्रकाशित खबर का असर दिखाई दिया है। स्थानीय लोगों और राहगीरों की लंबे समय से चली आ रही समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया और नगर पालिका अध्यक्ष के निर्देश पर सफाई एवं सुधार कार्य शुरू करा दिया गया।

गौरतलब है कि इस सार्वजनिक पेशाबघर से तेज हवा के साथ फैलने वाली दुर्गंध के कारण आसपास के दुकानदारों, राहगीरों तथा तहसील और नगर पालिका कार्यालय आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोगों का कहना था कि बदबू के कारण क्षेत्र में खड़ा होना भी मुश्किल हो गया था, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा था।

समस्या को लेकर प्रकाशित खबर के बाद नगर पालिका अध्यक्ष ने तत्काल संज्ञान लिया और महज 24 घंटे के भीतर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई गई। इससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

जानकारों के अनुसार, यह सार्वजनिक पेशाबघर कई वर्ष पूर्व बनाया गया था। इस दौरान सड़क का निर्माण दो-तीन बार हो चुका है, जिससे पेशाबघर का स्तर सड़क से लगभग एक फुट नीचे चला गया है। परिणामस्वरूप जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो गई और गंदा पानी एकत्र होकर सड़ने लगा। इसी वजह से दुर्गंध फैलने के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता था।

हालांकि फिलहाल सफाई होने से स्थिति में सुधार दिखाई दे रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थायी समाधान के लिए पेशाबघर की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाना जरूरी है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि नगर पालिका भविष्य में यहां नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखती है या नहीं।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि तहसील और नगर पालिका कार्यालय में प्रतिदिन दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यों के लिए आते हैं, ऐसे में सार्वजनिक सुविधाओं का स्वच्छ और सुचारु होना अत्यंत आवश्यक है।

Leave a Comment