फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जून 2026 सदर तहसील एवं नगर पालिका कार्यालय को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित सार्वजनिक पेशाबघर इन दिनों स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। पेशाबघर से उठने वाली तेज दुर्गंध के चलते क्षेत्र के लोग और आने-जाने वाले नागरिक काफी परेशान हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पेशाबघर कई वर्ष पूर्व नगर पालिका द्वारा बनवाया गया था। इसके बाद सड़क का निर्माण और मरम्मत कार्य दो से तीन बार कराया जा चुका है। सड़क की ऊंचाई बढ़ने के कारण पेशाबघर का फर्श अब लगभग एक फुट नीचे चला गया है, जिससे उसकी निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
बताया जाता है कि निकासी बाधित होने के कारण गंदा पानी एक ही स्थान पर जमा रहता है। लंबे समय तक पानी ठहरा रहने से उसमें सड़ांध पैदा हो जाती है और तेज हवा चलने पर उसकी दुर्गंध आसपास के पूरे क्षेत्र में फैल जाती है। इससे न केवल लोगों को असुविधा होती है, बल्कि संक्रमण और बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी रहती है।
यह मार्ग तहसील और नगर पालिका कार्यालय तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है, जहां प्रतिदिन दूर-दराज से बड़ी संख्या में नागरिक, अधिवक्ता तथा अधिकारी आते-जाते हैं। बावजूद इसके, समस्या के समाधान के लिए अभी तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि पेशाबघर की सफाई, मरम्मत एवं निकासी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि लोगों को दुर्गंध और संभावित स्वास्थ्य समस्याओं से राहत मिल सके।
अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस जनसमस्या पर कब तक ध्यान देता है और नागरिकों को इस परेशानी से निजात मिल पाती है या नहीं।
