फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जून 2026 कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद फर्रुखाबाद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को योजनाओं का लाभ समय से प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, डॉ. पल्लव सोमवंशी, ब्लॉक प्रमुख राजेपुर सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सांसद ने पिछली दिशा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की।
मनरेगा के अंतर्गत जनपद में 19 तालाबों की सफाई एवं गाद निकासी कार्यों की विस्तृत सूची दोबारा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों के विपणन की समीक्षा की गई। सांसद ने समूहों की आय बढ़ाने के लिए नए बाजार एवं बिक्री केंद्र विकसित करने पर जोर दिया तथा क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के निकट दुकानों के निर्माण की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए।
स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) की समीक्षा के दौरान नगर क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि ग्राम आमिलपुर स्थित डंपिंग ग्राउंड पर वैज्ञानिक तरीके से कूड़ा निस्तारण के लिए स्थापित प्लांट का संचालन शुरू हो चुका है।
भीषण गर्मी को देखते हुए सांसद और विधायक ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत तथा आवश्यकतानुसार रिबोर कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गौवंश आश्रय स्थलों में हरे चारे, स्वच्छ पेयजल और छायादार व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा निराश्रित गौवंशों को आश्रय स्थलों तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाने को कहा गया।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि सरकारी विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही 70 विद्युत लाइनों को हटाया जा चुका है, जबकि शेष पांच विद्यालयों में यह कार्य इसी माह पूरा कर लिया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सांसद ने सरकारी अस्पतालों में दवाओं की एक्सपायरी तिथि की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को मरीजों को आवश्यकता अनुसार विटामिन, कैल्शियम एवं आयरन की दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हो सके।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए निर्देशों के प्रभावी एवं समयबद्ध अनुपालन का आश्वासन दिया। सांसद मुकेश राजपूत ने अधिकारियों से कहा कि प्रशासनिक व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखते हुए गरीब, जरूरतमंद और पात्र लाभार्थियों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर जिलाधिकारी (राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
