फर्रुखाबाद लोहिया अस्पताल में 1.5 करोड़ में एक होने वाली दुर्लभ Amyand’s Hernia बीमारी की सफल निःशुल्क सर्जरी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जून 2026 डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय के सर्जरी विभाग ने एक अत्यंत दुर्लभ और जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर जिला स्तरीय चिकित्सा सेवाओं की उत्कृष्ट क्षमता का परिचय दिया है। हरदोई जनपद के पाली निवासी 56 वर्षीय सत्य प्रकाश शुक्ल का Amyand’s Hernia नामक दुर्लभ बीमारी का सफल एवं पूर्णतः निःशुल्क ऑपरेशन किया गया।

चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार Amyand’s Hernia बेहद दुर्लभ स्थिति है, जो अनुमानतः 1 से 1.5 करोड़ लोगों में किसी एक व्यक्ति में पाई जाती है। इस बीमारी में अपेंडिक्स हर्निया की थैली के भीतर फंस जाता है, जिससे सर्जरी सामान्य हर्निया ऑपरेशन की तुलना में कहीं अधिक जटिल हो जाती है। कई बार इसकी सही पहचान ऑपरेशन के दौरान ही संभव हो पाती है।

वरिष्ठ परामर्शदाता सर्जन एवं विभागाध्यक्ष मेजर डॉ. रोहित तिवारी के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम ने अत्यंत सावधानी और विशेषज्ञता के साथ Appendectomy (अपेंडिक्स निष्कासन) तथा आधुनिक Tension-Free Hernia Repair तकनीक का उपयोग करते हुए सफल सर्जरी की। मेजर डॉ. रोहित तिवारी ने बताया कि ऐसे मामले अत्यंत दुर्लभ होते हैं और इनके सफल उपचार में सटीक निर्णय, आधुनिक तकनीक तथा टीमवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगमोहन शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत मरीज का संपूर्ण उपचार निःशुल्क किया गया। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में अब लगातार जटिल और उन्नत सर्जिकल प्रक्रियाएं की जा रही हैं, जिससे मरीजों को बड़े महानगरों या महंगे निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ता।

विशेष बात यह रही कि सर्जरी विभाग ने उसी दिन कुल 10 बड़ी और जटिल सर्जरियां सफलतापूर्वक संपन्न कीं। इनमें Amyand’s Hernia का यह ऑपरेशन अपनी दुर्लभता और तकनीकी जटिलता के कारण सबसे महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण सर्जरी रहा।

इस सफल ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. अमिताभ चौहान, ओटी इंचार्ज श्रीमती अनीता लाल तथा ऑपरेशन थिएटर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वर्तमान में मरीज सत्य प्रकाश शुक्ल की स्थिति संतोषजनक है और वे तेजी से स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं।

Leave a Comment