🌿 पतंजलि परिवार कासगंज की मासिक बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय 🌿
आज प्रभुपार्क मंदिर, कासगंज में पतंजलि परिवार की जिला स्तरीय मासिक बैठक अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं संगठनात्मक भावना के साथ सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 को ऐतिहासिक एवं भव्य रूप से मनाने का संकल्प लिया गया। निर्णय लिया गया कि जिला मुख्यालय, सभी तहसीलों तथा प्रत्येक विकास खण्ड पर योग दिवस के कार्यक्रम पूरे जोश, उत्साह और जनभागीदारी के साथ आयोजित किए जाएंगे, जिससे योग का संदेश जन-जन तक पहुँच सके।
बैठक में जिला स्तरीय मुख्य योग शिविर के आयोजन हेतु अग्रवाल सेवा सदन एवं रामबाग पार्क का स्थलीय निरीक्षण कर उपयुक्त स्थल का चयन करने का निर्णय लिया गया। चयनित स्थान पर 17 जून से 21 जून तक पाँच दिवसीय विशेष योग शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें आमजन को योग, प्राणायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। साथ ही सोरों एवं अमांपुर क्षेत्रों में जोड़ों के दर्द एवं अन्य शारीरिक समस्याओं के निवारण हेतु पाँच-पाँच दिवसीय विशेष योग शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से आदरणीय श्री रामपाल शास्त्री जी को जिला यज्ञ प्रभारी तथा आदरणीय श्री सतेंद्र आर्य जी को सह जिला यज्ञ प्रभारी नियुक्त किया गया। सितंबर माह में मुख्यालय पर आयोजित होने वाले मुख्य योग शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए योग्य एवं समर्पित योग शिक्षकों के चयन का दायित्व आदरणीय श्री राम रक्षपाल सिंह जी को सौंपा गया, जो इस माह के भीतर पात्र नामों को अंतिम रूप देंगे।
बैठक की अध्यक्षता राज्य कार्यकारिणी सदस्य आदरणीय श्री जे. सी. चतुर्वेदी जी ने की। बैठक में श्री राकेश शर्मा (जिला प्रभारी, भारत स्वाभिमान), श्री राम रक्षपाल सिंह (जिला प्रभारी, पतंजलि योग समिति), श्री राजेन्द्र सिंह (जिला प्रभारी, किसान सेवा समिति) सहित आदरणीय श्री जय प्रकाश अग्रवाल, श्री हिमांशु अग्रवाल, श्री सुरेश गुप्ता, श्री तोता राम, श्री विकास साहू, श्री सी. एल. वर्मा, श्री शिव कुमार गुप्ता, श्री परंतप सोलंकी, श्री डॉ. एन. डी. मौर्य, श्री दीवान सिंह, श्री रामपाल शास्त्री, श्री सतेंद्र आर्य, श्री अनुज अग्रवाल, श्री राजकुमार वर्मा, श्रीमती खुशबू, श्रीमती संगम एवं अन्य सम्मानित कार्यकर्ताओं सहित कुल 24 साथियों ने सहभागिता की।
बैठक का समापन योग, यज्ञ, स्वदेशी एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ हुआ। सभी उपस्थित साथियों ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा योग को जन-जन तक पहुँचाने का दृढ़ संकल्प लिया।
“योग से स्वास्थ्य, स्वास्थ्य से स्वावलंबन और स्वावलंबन से राष्ट्र निर्माण”

