राष्ट्रीय समानता दल विधानसभा चुनाव 2027 मजबूती से लड़ेगा: मोतीलाल शास्त्री
लखनऊ, 31 मई 2026। राष्ट्रीय समानता दल उत्तर प्रदेश कार्य समिति की बैठक रविवार को प्रदेश कार्यालय, लखनऊ में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश भर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा संगठन विस्तार एवं विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष मोतीलाल शास्त्री ने कहा कि राष्ट्रीय समानता दल आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को पूरी मजबूती के साथ लड़ेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से विधानसभा स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने और जनसंपर्क अभियान तेज करने में जुट जाएं।
संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष गोपाल सिंह कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय समानता दल केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक सामाजिक-राजनीतिक आंदोलन है, जो देश में आर्थिक प्रजातंत्र लागू करने के लिए संघर्षरत है।
राष्ट्रीय मुख्य महासचिव अगमस्वरूप कुशवाहा ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि विधानसभा अध्यक्ष एवं संगठन के पदाधिकारी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का कार्य करें, जिससे पार्टी की नीतियां आम जनता तक पहुंच सकें।
प्रदेश अध्यक्ष संजयदीप कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय समानता दल सामाजिक न्याय आधारित देश के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक एवं वंचित समाज को न्याय दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष करेगी।
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव सरदार कन्हैया सिंह, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष चंद्रभान सिंह सहित प्रदेश पदाधिकारी एवं उत्तर प्रदेश के 32 जनपदों के जिला अध्यक्ष और जिला महासचिव उपस्थित रहे।
बैठक का समापन संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देने के संकल्प के साथ हुआ।
