फिरोजाबाद:एकतरफा प्यार में हैवान बना युवक, डेढ़ साल के मासूम को पटक-पटककर मार डाला

उतर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में शिकोहाबाद थाना क्षेत्र की यादव कॉलोनी में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां एकतरफा प्रेम में असफल युवक ने अपने रिश्ते के भतीजे, डेढ़ वर्षीय मासूम आरव की कथित रूप से जमीन पर पटक-पटक कर हत्या कर दी.

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. जानकारी के अनुसार पिंकी देवी निवासी ग्राम बामई, थाना अरांव (सिरसागंज) की पुत्री रति की शादी बदायूं निवासी सुमित उर्फ प्रियंक के साथ हुई थी. शादी के बाद रति को एक पुत्र आरव हुआ. पारिवारिक विवाद के चलते रति पिछले छह माह से अपनी मां के साथ रह रही थी.

शनिवार को रति अपने नाना राजेंद्र सिंह निवासी भमोरा हिमायूंपुर, जनपद इटावा के साथ शिकोहाबाद आई थी. यहां उसकी मां पिंकी अपनी सहेली पुष्पा के घर, यादव कॉलोनी में मिलने पहुंची थी. इसके बाद सभी को अपने घर लौटना था.

इसी दौरान रति की फुफुआ सास का बेटा विराज पाठक निवासी शेखूपुरा, बदायूं वहां पहुंच गया. परिजनों के अनुसार आरोपी पहले से ही रति पर शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन रति ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया था. इसी रंजिश और एकतरफा प्रेम में उसने वारदात की साजिश रची. परिजनों के मुताबिक आरोपी विराज पाठक मासूम आरव को चॉकलेट दिलाने का बहाना बनाकर घर के बाहर ले गया. आरोप है कि गली में पहुंचकर उसने मासूम को सिर के बल जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. कुछ देर बाद जब लोगों की नजर गली में पड़े मासूम पर पड़ी तो उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. डेढ़ वर्षीय बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां रति बदहवास हो गई. अस्पताल और घटनास्थल पर उसका रो-रोकर बुरा हाल था. परिवार के अन्य सदस्य भी सदमे में हैं. मासूम की मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया.

Leave a Comment