गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) गोला नगर के विकास चौराहा मिल बाईपास रोड पर राधेश्याम कोठी के पास शनिवार रात लगभग 9:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से जा रही एक बाइक अचानक सड़क पर घूम रहे आवारा गोवंश से टकरा गई जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही भारतीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष अनूप गुप्ता मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया जहां उसका उपचार किया जा रहा है। घायल युवक की पहचान अजय कश्यप पुत्र राम रतन कश्यप उर्फ रामू निवासी मोहल्ला पश्चिमी दिक्षीताना गोला गोकर्णनाथ के रूप में हुई है।
इस घटना को लेकर जिलाध्यक्ष अनूप गुप्ता ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि नगर और आसपास के क्षेत्रों में आवारा गोवंश की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है आए दिन सड़कों और चौराहों पर आवारा गोवंश के कारण दर्दनाक दुर्घटनाएं होती रहती हैं जिनमें कई बार मनुष्य और गोवंश दोनों की जान तक चली जाती है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कब करेंगे। क्या प्रशासन किसी बड़ी और दुखद घटना का इंतजार कर रहा है। जिलाध्यक्ष ने मांग की है कि आवारा गोवंश को सुरक्षित गौशालाओं में पहुंचाने और सड़कों को पशु मुक्त बनाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि आवारा पशुओं के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है इसलिए समस्या का स्थायी समाधान आवश्यक है।
लखीमपुर खीरी : आवारा गोवंश से बाइक सवार युवक घायल, भारतीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष ने जताई नाराजगी
