फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 मई 2026 जनपद की नगर पंचायत संकिसा बसन्तपुर में नवनिर्मित नगर पंचायत कार्यालय का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शासन द्वारा नामित सभासदों श्री मनोज चतुर्वेदी, श्री अजय दिवाकर एवं श्रीमती राधा पाल को सभासद मनोनीत होने पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई।
समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने भाग लेते हुए नगर पंचायत के विकास कार्यों पर चर्चा की तथा नव-निर्वाचित नामित सभासदों के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि नया कार्यालय नगर पंचायत के प्रशासनिक कार्यों को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाएगा, जिससे क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
कार्यक्रम में फर्रुखाबाद के भाजपा सांसद मुकेश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र राजपूत, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, नगर पंचायत खिमसेपुर के अध्यक्ष पुष्पराज सिंह, नगर पंचायत नवाबगंज के अध्यक्ष अनिल राजपूत, नगर पंचायत संकिसा की अध्यक्ष अनुपम राजपूत, प्रतिनिधि राहुल राजपूत, भाजपा जिला मंत्री शिवमोहन सिंह उर्फ डब्ल्यू, उपजिलाधिकारी गजराज सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने नगर पंचायत के विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। उद्घाटन समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
