फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 मई 2026 जनपद में प्रस्तावित फर्रुखाबाद प्रवेश नियंत्रित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना को लेकर भूमि बैनामा प्रक्रिया तेजी से जारी है। प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार परियोजना हेतु यूपीडा (UPIDA) के पक्ष में किसानों की सहमति से 31 मई 2026 तक भूमि बैनामे कराए जाने प्रस्तावित हैं।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैनामा पंजीकरण के लिए तीन विशेष सेंटर बनाए गए हैं। इनमें तहसील सदर, नगर पंचायत कार्यालय खिमसेपुर तथा पंचायत घर सिरोली शामिल हैं।
उप जिलाधिकारी सदर फर्रुखाबाद के अनुसार परियोजना से प्रभावित ग्राम आमिलपुर, आवाजपुर, बरौन, गंगौली एवं कटरी कंचनपुर में लगभग 80 प्रतिशत से अधिक भूमि के बैनामे किसानों की आपसी सहमति से पूर्ण किए जा चुके हैं। वहीं ग्राम कटरी भीमपुर में 100 प्रतिशत भूमि का बैनामा संपन्न हो चुका है।
प्रशासन के मुताबिक जनपद में परियोजना से आच्छादित कुल भूमि का लगभग 55 प्रतिशत बैनामा सहमति के आधार पर निष्पादित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त करीब 25 प्रतिशत किसानों ने सहमति देते हुए आवश्यक अभिलेख भी उपलब्ध करा दिए हैं। इस प्रकार परियोजना में कुल मिलाकर लगभग 80 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है।
प्रशासन ने अवशेष किसानों से भी सहमति के आधार पर विक्रय पत्र निष्पादित कराने की अपील की है। हालांकि कुछ किसानों द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में सर्किल रेट का चार गुना तथा नगरीय क्षेत्र में दो गुना मुआवजे के आधार पर बैनामा कराने के लिए सहमति नहीं दी गई है।
ऐसी स्थिति में प्रशासन द्वारा भूमि अर्जन, पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम-2013 के तहत अधिग्रहण की कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही है, ताकि परियोजना का कार्य समय से पूरा कराया जा सके।
