अमेठी में विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर हुए बवाल को लेकर मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा में गैर-यादव पिछड़ों और दलितों को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया जाता है। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव “यादव मोह” में अंधे हो चुके हैं और पार्टी अपनी ही महिला विधायक के मामले में चुप है।
राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी में गैर-यादव पिछड़ों और दलितों की भूमिका सिर्फ चुनावी भीड़ जुटाने तक सीमित कर दी गई है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि बहुजन समाज के लोगों को सपा में “झंडा-झोला ढोने, दरी बिछाने और वोट देने” का काम सौंपा गया है, जबकि सत्ता, सम्मान और हिस्सेदारी का असली लाभ एक खास वर्ग तक ही सीमित रहता है।
