फर्रुखाबाद में मौसम का बदलेगा मिजाज: 80 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी-तूफान और वज्रपात की चेतावनी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 मई 2026 भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद एवं आसपास के क्षेत्रों में आगामी 2 से 3 दिनों के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। विभाग ने अत्यधिक गर्मी और उमस के बीच तेज आंधी-तूफान, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार 26 एवं 27 मई को जनपद में “उष्ण रात्रि” (Warm Night Conditions) की स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान दिन और रात दोनों समय तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।

वहीं 28 और 29 मई को फर्रुखाबाद सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी-तूफान, मेघगर्जन तथा वज्रपात की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवाओं की गति 60 से 80 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

संभावित प्रभाव

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण कमजोर पेड़ एवं कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। बिजली आपूर्ति और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। खुले स्थानों पर खड़े वाहन, होर्डिंग और टीन शेड को नुकसान पहुंच सकता है। खेतों में खड़ी फसलों तथा आम एवं सब्जी जैसी बागवानी फसलों को भी नुकसान होने की संभावना जताई गई है। वज्रपात के कारण जनहानि एवं पशुहानि का खतरा भी बना रहेगा।

लोगों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने नागरिकों से दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस और नींबू पानी का सेवन करने तथा हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी

किसानों को सलाह दी गई है कि तेज हवा से फसलों को बचाने के लिए सहारा (स्टेकिंग) दें। खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें और मौसम सामान्य होने तक कीटनाशक एवं उर्वरक का छिड़काव स्थगित रखें। कृषि यंत्र एवं भूसा आदि सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील भी की गई है।

आंधी-तूफान के दौरान क्या करें

तेज आंधी या बिजली चमकने पर तुरंत किसी पक्के भवन में शरण लें। घर के खिड़की-दरवाजे बंद रखें और बिजली के उपकरणों के प्लग निकाल दें। यदि खुले स्थान पर फंस जाएं तो नीचे बैठ जाएं और दोनों पैर सटाकर रखें। वाहन चला रहे हों तो सुरक्षित स्थान पर वाहन रोक दें। पशुओं को खुले स्थान से हटाकर सुरक्षित शेड में रखें।

क्या न करें

आंधी-तूफान के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, टॉवर या कच्ची दीवारों के पास खड़े न हों। खुले मैदान, छत, तालाब, नदी या जलाशयों के पास जाने से बचें। धातु की वस्तुओं और खुले मोबाइल फोन का उपयोग न करें।

मौसम विभाग एवं प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का पालन करें।

Leave a Comment