फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 मई 2026 जनपद में आगामी 21 मई 2026 को आयोजित होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा हेतु कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशानुसार परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता और सख्ती के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा दिवस पर सुबह 7 बजे ट्रेजरी पहुंचने और प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण की निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, पर्स, हैंडबैग समेत सभी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रतिबंधित वस्तुओं पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। केवल प्रवेश पत्र, मूल पहचान पत्र और नीला या काला पेन लेकर ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में स्थित फोटोकॉपी की दुकानें, साइबर कैफे एवं इलेक्ट्रॉनिक गैजेट की दुकानों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने के आदेश दिए। इसके अलावा सभी केंद्रों पर सीसीटीवी युक्त कंट्रोल रूम एवं स्ट्रॉन्ग रूम स्थापित किए जाएंगे।अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर क्लॉक रूम की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां परीक्षार्थी अपनी निजी वस्तुएं सुरक्षित रख सकेंगे। साथ ही पेयजल, शौचालय, साइनेज, दीवार घड़ी एवं सिटिंग प्लान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। रोडवेज बस अड्डे पर हेल्प डेस्क स्थापित करने तथा परीक्षार्थियों से किसी प्रकार की ओवरचार्जिंग न होने देने के निर्देश भी प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को दिए गए हैं।पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी पुलिस कर्मियों को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
फर्रुखाबाद: लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 19 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
