फर्रुखाबाद: भाजपा प्रशिक्षण वर्ग के समापन पर कार्यकर्ताओं को मिला जीत का मंत्र, 2027 चुनाव की तैयारियों पर जोर

 
फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 मई 2026 पांचाल घाट स्थित नारायण आश्रम में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का समापन विभिन्न वैचारिक एवं संगठनात्मक सत्रों के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, विचारधारा एवं आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रशिक्षण दिया।प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी ने कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण एक सतत प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि जिला एवं मंडल कार्यसमितियों के गठन के बाद कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए ऐसे शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य कार्यकर्ताओं का वैचारिक एवं व्यक्तिगत निर्माण करना होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और उसका कार्यकर्ता ही संगठन का मजबूत स्तंभ है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए नए कार्यकर्ताओं को पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरना होगा।भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय चौधरी ने कहा कि सक्षम कार्यकर्ता ही सशक्त संगठन का निर्माण करता है। उन्होंने संगठनात्मक प्रशिक्षण को भाजपा की मजबूती का आधार बताते हुए कहा कि संवाद और समन्वय से लक्ष्य प्राप्त करना आसान हो जाता है।साहित्य प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक वीरेंद्र तिवारी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षित होना आवश्यक है। संगठन और नेतृत्व क्षमता को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करना समय की मांग है।जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में राष्ट्रहित, सेवा भाव और संगठनात्मक कार्यशैली के प्रति समर्पण विकसित करता है। वहीं जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी नरेंद्र राजपूत ने भाजपा को एक अनुशासित एवं कैडर आधारित संगठन बताते हुए कहा कि प्रशिक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की विचारधारा और जिम्मेदारियों के प्रति सजग बनाना है।कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार एवं समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।प्रशिक्षण वर्ग का संचालन जिला महामंत्री गोपाल राठौर ने किया। इस अवसर पर सांसद मुकेश राजपूत, सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।