कन्नौज (द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अप्रैल 2026 जनपद स्थित गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य ने सहभागिता की। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार में शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी द्वारा की गई।
बैठक के दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर तिर्वा विधानसभा क्षेत्र के विधायक कैलाश राजपूत, जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस (24 अप्रैल) के अवसर पर ग्राम पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। विकासखंड छिबरामऊ की ग्राम पंचायत सलेमपुर के प्रधान शैलेंद्र शाक्य को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार के अंतर्गत राज्य स्तर पर द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शैलेंद्र शाक्य को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की और इसे अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
