बहराइच: कृषि विभाग भर्ती में आरक्षण गड़बड़ी का आरोप, मौर्य परिषद ने सौंपा ज्ञापन

बहराइच:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 मार्च 2026 कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक पदों की भर्ती को लेकर जारी अधिसूचना पर विवाद खड़ा हो गया है। विज्ञापन संख्या-06/परीक्षा/2026 में आरक्षण नियमों के पालन न किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रगतिशील विश्व मौर्य परिषद ने प्रदेश अध्यक्ष आशीष कुमार मौर्य के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद को सौंपा।

प्रदेश अध्यक्ष आशीष कुमार मौर्य ने बताया कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा जारी अधिसूचना में कुल 2759 पदों का विवरण दिया गया है, जिसमें अनारक्षित 1692, अनुसूचित जाति 213, अनुसूचित जनजाति 06, अन्य पिछड़ा वर्ग 573 तथा ईडब्ल्यूएस 275 पद निर्धारित किए गए हैं। उनका आरोप है कि यह वितरण आरक्षण के निर्धारित मानकों के विपरीत है।

उन्होंने कहा कि नियमानुसार ओबीसी को 27 प्रतिशत, एससी को 21 प्रतिशत और एसटी को 2 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए, लेकिन अधिसूचना में ओबीसी को लगभग 21 प्रतिशत, एससी को करीब 8 प्रतिशत और एसटी को लगभग 0.2 प्रतिशत ही दिया गया है। इसे उन्होंने संविधान और आरक्षण व्यवस्था की अवहेलना बताते हुए युवाओं के अधिकारों पर सीधा प्रहार बताया।

मौर्य ने यह भी कहा कि इस प्रकार की अनियमितता सरकार के “सबका साथ, सबका विकास” के लक्ष्य को भी प्रभावित करती है और इससे पिछड़े वर्ग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है।

प्रगतिशील विश्व मौर्य परिषद ने मांग की है कि अधिसूचना में संशोधन कर ओबीसी को 27 प्रतिशत, एससी को 21 प्रतिशत और एसटी को 2 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो संबंधित वर्ग अपने को ठगा महसूस करेगा।

इस दौरान एडवोकेट संजीव कुमार मौर्य, सरिता मौर्य, शिव कुमार मौर्य, रामरूप मौर्य और राजेंद्र गौतम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।